आजकल किसी भी जरूरत पर लोन लेना बहुत आसान हो गया है — चाहे घर खरीदने की बात हो, गाड़ी की या अचानक आए किसी खर्च की। लेकिन लोन लेना जितना आसान है, उसे समय पर चुकाना उतना ही जरूरी भी होता है। हर महीने की तय तारीख पर खाते से EMI कटना कई बार जेब पर भारी पड़ता है, इसलिए जैसे ही लोगों के पास अतिरिक्त रकम आती है, वे पूरा लोन समय से पहले चुका देने का सोच लेते हैं।
इसे ही लोन प्रीपेमेंट (Prepayment) कहा जाता है, यानी तय समय से पहले लोन की रकम चुकाना। सुनने में तो यह समझदारी भरा कदम लगता है, लेकिन कई बार बैंक इस पर पेनल्टी भी लगा देते हैं। आखिर ऐसा क्यों?

Table of Contents
बैंक को होता है सीधे मुनाफे का नुकसान
जब कोई ग्राहक समय से पहले पूरा लोन चुका देता है, तो बैंक का ब्याज कमाने का मौका खत्म हो जाता है। बैंक लोन देते समय ब्याज को पूरे कार्यकाल (tenure) के हिसाब से तय करता है और उसी आधार पर EMI निकालता है। लेकिन अगर लोन बीच में ही खत्म हो जाए तो वह भविष्य की ब्याज आय खो देता है।
इसी घाटे की भरपाई के लिए बैंक प्रीपेमेंट पेनल्टी लगाते हैं। यह पेनल्टी आम तौर पर लोन अमाउंट के एक निश्चित प्रतिशत के रूप में ली जाती है, और यह जानकारी पहले से लोन एग्रीमेंट में लिखी होती है।
हर लोन पर नहीं लगता प्रीपेमेंट चार्ज
पेनल्टी सभी लोन पर लागू नहीं होती। अगर आपका होम लोन फ्लोटिंग रेट पर है तो RBI के नियमों के अनुसार उस पर कोई प्रीपेमेंट चार्ज नहीं लगाया जा सकता। लेकिन फिक्स्ड रेट होम लोन में बैंक यह शुल्क लगा सकता है।
वहीं, पर्सनल लोन और ऑटो लोन के मामले में लगभग सभी बैंक कुछ न कुछ चार्ज वसूलते हैं। ये दरें हर बैंक में अलग होती हैं, इसलिए किसी भी लोन को लेने से पहले उसकी शर्तों को ध्यान से पढ़ना समझदारी भरा कदम है।
प्रीपेमेंट से पहले करें यह कैलकुलेशन
लोन जल्दी चुकाने का निर्णय लेने से पहले थोड़ा हिसाब-किताब जरूर करें, ताकि आप यह समझ सकें कि यह कदम आपके लिए वास्तव में फायदेमंद है या नहीं।
- सबसे पहले देखिए कि बैंक कितनी प्रीपेमेंट पेनल्टी वसूल करेगा।
- उसके बाद बचे हुए कार्यकाल में आपको कितना ब्याज देना होता, उसका अंदाजा लगाइए।
- अब उस संभावित ब्याज राशि से पेनल्टी घटाइए।
- अगर कुल बचत सकारात्मक है, तो प्रीपेमेंट करना सही होगा।
- लेकिन अगर फायदा बहुत मामूली है, तो EMI जारी रखना बेहतर हो सकता है।
लोन का प्रीपेमेंट आर्थिक बोझ कम करने का अच्छा तरीका हो सकता है, लेकिन यह तभी लाभदायक साबित होता है जब आपको पेनल्टी पर भी बचत मिल रही हो। इसलिए हर बार फैसले से पहले गणना और तुलना करना न भूलें।

















