सोनपुर रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा और सेवा विस्तार के उद्देश्य से अपने क्षेत्र के कई रेलवे स्टेशनों पर स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट (STBA) की बहाली प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस पहल के तहत उजियारपुर, दलसिंहसराय, विद्यापतिनगर, मोहिउद्दीननगर, शाहपुर पटोरी, देसरी, बछवाड़ा और दिघवारा सहित दो दर्जन से अधिक स्टेशनों पर एजेंट नियुक्त किए जाएंगे। अब इन स्टेशनों पर यात्रियों को अनारक्षित (जनरल) टिकट स्थानीय एजेंटों के माध्यम से मिल सकेंगे।

Table of Contents
तीन वर्ष का कार्यकाल तय
रेल प्रशासन की योजना के अनुसार चयनित एजेंटों की नियुक्ति तीन वर्षों की अवधि के लिए की जाएगी। इस दौरान वे अपने निर्धारित स्टेशन पर टिकट बिक्री की जिम्मेदारी निभाएंगे। एजेंटों को प्रत्येक टिकट पर निर्धारित कमीशन के आधार पर भुगतान किया जाएगा, जिससे उन्हें स्थायी आय का अवसर मिलेगा।
शैक्षणिक योग्यता और आवेदन प्रक्रिया
एजेंट पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को मैट्रिक (10वीं) पास होना जरूरी है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित है। इच्छुक उम्मीदवार अपना आवेदन डाक, कोरियर या सीधा कार्यालय में हाथों-हाथ जमा करा सकते हैं।
आवश्यक दस्तावेज
आवेदन पत्र के साथ उम्मीदवारों को नीचे दिए गए दस्तावेज संलग्न करने होंगे:
- चरित्र प्रमाण पत्र
- आवासीय प्रमाण पत्र
- उम्मीदवार के नाम से तैयार डिमांड ड्राफ्ट
- स्वयं-अभिप्रमाणित फोटोग्राफ
- अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र
Also Read- DRDO में बंपर भर्ती! 764 पदों पर रजिस्ट्रेशन शुरू, जानें योग्यता और आवेदन लिंक
स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार का मौका
रेलवे प्रशासन का मानना है कि इस योजना से स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इससे सुविधा भी मिलेगी, क्योंकि अब उन्हें लंबी दूरी तय किए बिना अपने नजदीकी स्टेशन से ही जनरल टिकट मिल सकेगा।
किन स्टेशनों पर होंगी नियुक्तियां
सोनपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले जिन स्टेशनों पर एजेंटों की तैनाती की जाएगी, उनमें गरौल, हाजीपुर, महानार रोड, खगड़िया, सेमापुर, सोनपुर, बेगूसराय, मानसी, नवगछिया, महेशखूंट, कढ़गोला रोड, कुर्सेला, नारायणपुर, लाखो, तेघड़ा, भगवानपुर और अक्षयवट राय नगर प्रमुख हैं।
यह कदम रेलवे द्वारा यात्री सुविधा को और सुदृढ़ बनाने तथा टिकट वितरण प्रणाली को आधुनिक और प्रभावी करने की दिशा में उठाया गया पहलू माना जा रहा है।

















