
आज के दौर में आधार कार्ड केवल एक पहचान पत्र नहीं, बल्कि हमारी वित्तीय और व्यक्तिगत सुरक्षा की चाबी बन गया है, बैंक खाता खुलवाना हो या सिम कार्ड लेना, आधार की अनिवार्यता हर जगह है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपके आधार का इस्तेमाल आपकी जानकारी के बिना कहीं गलत जगह तो नहीं हो रहा?
बढ़ते डिजिटल फ्रॉड को देखते हुए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने नागरिकों को अपनी ‘ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री’ चेक करने की सुविधा दी है। अब आप घर बैठे मात्र 2 मिनट में जान सकते हैं कि पिछले 6 महीनों में आपके आधार का उपयोग कहां और कब किया गया है।
Table of Contents
ऐसे पकड़ें आधार का गलत इस्तेमाल: फॉलो करें ये 10 स्टेप्स
अगर आपको भी आधार के दुरुपयोग का डर है, तो आप इन आसान चरणों के जरिए अपनी जांच खुद कर सकते हैं:
- सबसे पहले UIDAI की वेबसाइट myaadhaar.uidai.gov.in पर लॉग इन करें।
- होमपेज पर मौजूद ‘Login’ बटन पर क्लिक करें।
- अपना 12 अंकों का आधार नंबर और दिया गया कैप्चा कोड सावधानीपूर्वक भरें।
- ‘Send OTP’ पर क्लिक करें। आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक सुरक्षा कोड आएगा।
- ओटीपी दर्ज कर ‘Login’ करें, जिससे आपका व्यक्तिगत आधार डैशबोर्ड खुल जाएगा।
- मेनू में नीचे की ओर स्क्रॉल करें और ‘Authentication History’ विकल्प को चुनें।
- ‘Select Modality’ ड्रॉपडाउन में ‘All’ का चुनाव करें, ताकि बायोमेट्रिक, ओटीपी और डेमोग्राफिक सभी रिकॉर्ड दिखें।
- उस तारीख का चयन करें (Start and End Date) जिसकी हिस्ट्री आप देखना चाहते हैं। ध्यान रहे, आप पिछले 180 दिनों का डेटा देख सकते हैं।
- ‘Fetch Authentication History’ पर क्लिक करते ही आपके सामने पूरी सूची आ जाएगी।
- सूची में दी गई तारीख, समय और संस्था का नाम देखें। यदि कोई एंट्री संदिग्ध लगे, तो उसे नजरअंदाज न करें।
संदिग्ध गतिविधि दिखने पर क्या करें?
यदि आपको अपनी हिस्ट्री में कोई ऐसा ट्रांजैक्शन दिखता है जो आपने नहीं किया है, तो तुरंत कार्रवाई करें, आप UIDAI के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1947 पर कॉल कर सकते हैं या help@uidai.gov.in पर ईमेल के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
सुरक्षा के लिए एक्सपर्ट सलाह
साइबर विशेषज्ञ सुझाव देते हैं कि यूजर्स को समय-समय पर अपना ‘बायोमेट्रिक्स लॉक’ रखना चाहिए, इसे आप mAadhaar App के जरिए कभी भी लॉक या अनलॉक कर सकते हैं, जिससे आपकी अनुमति के बिना कोई भी फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा।

















