EV Scooter Battery: बैटरी बार-बार खराब होती है? इन 5 टिप्स से EV स्कूटर की बैटरी चलेगी कई साल!

भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर की मांग तेजी से बढ़ रही है, लेकिन बैटरी की लाइफ लोगों की सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है। सही चार्जिंग आदतें, तापमान का ध्यान, फास्ट चार्जिंग से परहेज और सिर्फ मूल चार्जर का उपयोग जैसे सरल तरीके अपनाकर आप EV बैटरी की उम्र कई गुना बढ़ा सकते हैं और बेहतर परफॉर्मेंस पा सकते हैं।

Published On:
extend electric scooter battery life top tips

भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। कुछ साल पहले तक यह सेगमेंट केवल स्टार्टअप्स तक सीमित था, लेकिन अब लगभग हर दोपहिया निर्माता चाहे वो हीरो हो, टीवीएस या होंडा इस क्षेत्र में उतर चुका है। लोगों की सोच भी बदली है, और अब इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदना एक समझदारी भरा फैसला माना जाने लगा है।

हालांकि, आज भी बहुत से खरीदार एक बड़ी चिंता से जूझते हैं “बैटरी कितने दिन चलेगी?” यही बैटरी अगर सही तरीके से संभाली जाए, तो कई साल तक शानदार परफॉर्मेंस देती है। चलिए जानते हैं कुछ आसान तरीके जिनसे इलेक्ट्रिक व्हीकल की बैटरी की उम्र बढ़ाई जा सकती है।

बैटरी की सेहत क्यों है अहम

इलेक्ट्रिक स्कूटर का दिल उसकी लिथियम-आयन बैटरी होती है। यही वो हिस्सा है जो वाहन को ऊर्जा देता है और इसकी कीमत भी काफी ज्यादा होती है। इसलिए इसका ध्यान रखना बिल्कुल जरूरी है। पेट्रोल इंजन वाले वाहनों की तरह इसमें रिपेयर का विकल्प नहीं होता एक बार बैटरी डैमेज हो गई तो रिप्लेसमेंट ही एकमात्र रास्ता रह जाता है।

चार्जिंग के नियम समझिए

बहुत से लोग सोचते हैं कि बैटरी को हमेशा 100% चार्ज रखना अच्छा होता है, लेकिन हकीकत इसके उलट है। जैसे हम अपने मोबाइल फोन को अक्सर 20% से 80% तक चार्ज रखते हैं ताकि बैटरी ज्यादा दिन चले, वैसे ही EV की बैटरी का भी यही फॉर्मूला है। बार-बार फुल चार्ज या पूरी तरह डिस्चार्ज करने से बैटरी सेल्स पर ज़्यादा दबाव पड़ता है और ये जल्दी कमजोर होने लगते हैं। आवश्यकता पड़ने पर ही इसे 100% तक चार्ज करें और संभव हो तो 20–80% के बीच चार्जिंग लेवल बनाए रखें।

तापमान का असर बैटरी पर

लिथियम-आयन बैटरी तापमान की बहुत संवेदनशील होती है। बहुत गर्म या बहुत ठंडा मौसम दोनों ही स्थितियां इसे नुकसान पहुंचा सकती हैं। गर्मियों के दिनों में वाहन को सीधी धूप में पार्क करना बैटरी को ओवरहीट कर सकता है, जिससे इसकी परफॉर्मेंस घटने लगती है। बेहतर होगा कि स्कूटर को छायादार जगह पर चार्ज करें और सवारी के तुरंत बाद बैटरी को चार्ज करने से बचें। बैटरी तब गर्म होती है, इसलिए उसे पहले कुछ समय के लिए ठंडा होने दें, फिर चार्ज करें।

फ़ास्ट चार्जिंग से दूरी बनाए रखें

आजकल हर किसी को जल्दी होती है, और इसी जल्दी में लोग फास्ट चार्जिंग को बेहतर विकल्प समझते हैं। हालांकि, ऐसा करना हर रोज़ के लिए सही नहीं है। फ़ास्ट चार्जर कम समय में बैटरी को चार्ज तो कर देते हैं, लेकिन इसकी सेहत को काफी नुकसान पहुंचाते हैं। इनसे बैटरी बहुत जल्दी गर्म होती है और सेल्स की क्षमता घटने लगती है। इसलिए कोशिश करें कि सामान्य चार्जर (नॉर्मल चार्जिंग मोड) का ही ज़्यादा इस्तेमाल करें। फ़ास्ट चार्जर का उपयोग केवल आपात स्थिति या लंबी यात्रा से पहले करें।

हमेशा असली (OEM) चार्जर का ही उपयोग करें

हर इलेक्ट्रिक स्कूटर निर्माता अपने वाहन के मुताबिक चार्जर डिजाइन करता है। इसलिए हमेशा मूल चार्जर (OEM चार्जर) का ही इस्तेमाल करें।
कभी-कभी लोग सस्ता आफ्टरमार्केट चार्जर खरीद लेते हैं ताकि खर्च बचाया जा सके, लेकिन यह बैटरी के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। ऐसे चार्जर बैटरी को गलत वोल्टेज या ज्यादा करंट दे सकते हैं जिससे उसकी सेहत पर असर पड़ता है। अगर आपका चार्जर खराब हो जाए, तो केवल कंपनी द्वारा प्रमाणित नया चार्जर ही लगवाएं।

बैटरी की नियमित जांच भी जरूरी

चार्जिंग के अलावा बैटरी की नियमित जांच भी उतनी ही जरूरी है। अगर स्कूटर लंबे समय तक खड़ा रहने वाला है तो बैटरी को पूरी तरह खाली न छोड़ें। उसे 50–60% तक चार्ज करके स्टोर करें और हर 15–20 दिन में एक बार चार्जिंग जरूर करें।
इसके अलावा, अगर स्कूटर बार-बार ओवरहीट हो रहा है या चार्जिंग का समय अचानक बदल गया है, तो सर्विस सेंटर से इसकी जांच कराने में देर न करें।

Author
Pinki

Leave a Comment

🔥 वायरल विडिओ देखें