
बिहार में सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की बहाली की तैयारी जोरों पर है। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि BPSC TRE 4 भर्ती प्रक्रिया जनवरी 2026 के बाद शुरू की जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि सभी जिलों से शिक्षकों के रिक्त पदों का विवरण मांगा गया है, जिसके आधार पर करीब 27,000 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि 26 जनवरी 2026 तक बीपीएससी टीआरई‑4 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। इस चरण में प्राथमिक, मध्य विद्यालय और प्लस‑टू स्तर तक के पदों पर बहाली होगी। इसके बाद राज्यभर के स्कूलों में पुस्तकालयाध्यक्ष (लाइब्रेरियन) की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
Table of Contents
स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा की तैयारी
सरकार अब प्रदेश के हर सरकारी स्कूल को डिजिटल सुविधा से लैस करने के मिशन पर है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि आने वाले दिनों में सभी विद्यालयों में कंप्यूटर लैब स्थापित की जाएंगी ताकि हर बच्चा कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त कर सके। इसके लिए लैब, टैबलेट, और अन्य डिजिटल उपकरण उपलब्ध कराने की तैयारी तेज़ कर दी गई है।
मध्यान्ह भोजन और रोजगारपरक शिक्षा पर ध्यान
वर्तमान में राज्य के 1 करोड़ 9 लाख छात्र‑छात्राओं को प्रतिदिन मध्याह्न भोजन (Mid‑Day Meal) उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना के तहत करीब 2.14 लाख रसोइये काम कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि अब सरकार स्कूल शिक्षा को रोजगार और कौशल‑आधारित बनाने पर जोर दे रही है, जिससे युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।

















