
भारत में जल्द ही एक बड़ा बदलाव आधार कार्ड से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था में देखने को मिलेगा। सरकार अब ऐसा नियम लाने जा रही है जिसके तहत किसी भी संस्था को व्यक्ति के आधार कार्ड की भौतिक फोटोकॉपी लेने या अपने पास रखने की अनुमति नहीं होगी। यह कदम नागरिकों की गोपनीयता और डेटा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में उठाया जा रहा है।
Table of Contents
क्यों लग रही है फोटोकॉपी पर रोक
अक्सर लोग होटल में चेक-इन करते समय, इवेंट के पंजीकरण के वक्त या दूसरी निजी सेवाओं का लाभ लेने के लिए अपना आधार कार्ड की फोटोकॉपी दे देते हैं। यही फोटोकॉपी कई बार गलत हाथों में चली जाती है और लोगों की निजी जानकारी का दुरुपयोग किया जाता है। UIDAI (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) ने साफ किया है कि ऐसी फोटोकॉपी को अपने पास रखना “आधार अधिनियम का उल्लंघन” माना जाएगा, क्योंकि बिना उचित अनुमति के किसी नागरिक के पहचान दस्तावेज़ को स्टोर करना अवैध है।
अब पहचान होगी पूरी तरह डिजिटल
UIDAI अब पहचान सत्यापन की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके तहत होटल, इवेंट आयोजक या अन्य निजी सेवाएं अब ग्राहक की पहचान की पुष्टि के लिए QR कोड स्कैनिंग या सरकारी मोबाइल ऐप से सत्यापन कर सकेंगी। इस डिजिटल प्रक्रिया में न तो व्यक्ति का आधार नंबर शेयर होगा और न ही उसका पूरा पता — सिर्फ QR कोड स्कैन से नाम और फोटो जैसी सीमित जानकारी की पुष्टि हो सकेगी।
डेटा लीक पर लगेगा ब्रेक
भारत में डिजिटल सेवाओं के बढ़ते दायरे के साथ-साथ डेटा चोरी और पहचान की नकल (identity theft) के मामले भी सामने आए हैं। कई बार आधार कार्ड की फोटोकॉपी से बैंक खाता, मोबाइल नंबर या किसी योजना का लाभ गलत तरीके से लिया गया है।
नए नियमों के बाद ऐसी संभावनाओं पर काफी हद तक रोक लग सकेगी। UIDAI का उद्देश्य है कि नागरिक निश्चिंत होकर अपने आधार से जुड़ी सुविधाओं का इस्तेमाल करें, बिना डेटा लीक के डर के।
सिर्फ लाइसेंसधारी संस्थाएँ ही कर सकेंगी आधार सत्यापन
UIDAI ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल वही संगठन या कंपनी जिन्हें UIDAI से वैध “यूजर लाइसेंस” प्राप्त है, वे ही पहचान सत्यापन के लिए आधार का उपयोग कर सकेंगी। इसका मतलब है कि बिना लाइसेंस वाली निजी संस्थाएँ — जैसे होटल, सिनेमा हॉल, इवेंट मैनेजमेंट कंपनियाँ या टूर एजेंसियाँ अब किसी व्यक्ति से उसका आधार कार्ड मांगकर उसकी कॉपी नहीं रख सकेंगी। ऐसा करना कानूनी अपराध माना जाएगा।
मास्क्ड आधार का बढ़ेगा उपयोग
UIDAI ने नागरिकों को यह सलाह भी दी है कि जहां भी आधार दिखाना जरूरी हो, वहां मास्क्ड आधार (Masked Aadhaar) का उपयोग करें।
इसमें केवल अंतिम चार अंक ही दिखाई देते हैं और बाकी नंबर छिपा रहता है, जिससे किसी भी गलत इस्तेमाल की संभावना काफी कम हो जाती है मास्क्ड आधार कार्ड आप UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट https://myaadhaar.uidai.gov.in से आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं।
नया कार्ड डिज़ाइन भी होगा ज्यादा सुरक्षित
UIDAI आधार कार्ड के नए डिज़ाइन पर भी विचार कर रहा है। नई डिजाइन में केवल एक फोटो और एक QR कोड होगा, जबकि पूरा आधार नंबर और पता हटाया जा सकता है। यह कदम इस दिशा में है कि पहचान के लिए जरूरी जानकारी ही साझा की जाए, बाकी निजी जानकारी सुरक्षित रहे।
नागरिक क्या करें
- अपना आधार कार्ड किसी गैर सरकारी संस्था को फोटोकॉपी न दें।
- जहां आवश्यकता हो, वहां केवल मास्क्ड आधार प्रस्तुत करें।
- किसी भी डिजिटल सत्यापन में आधिकारिक UIDAI ऐप या वेबसाइट का इस्तेमाल करें।
- फर्जी वेबसाइटों या मैसेज से मिल रहे आधार संबंधित लिंक पर क्लिक न करें।

















